बस्ती स्थित राजकीय बाल संप्रेषण गृह (किशोर), पचपेड़िया मार्ग का जनपद न्यायाधीश शमसुल हक के नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री संदीप, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव देवेंद्र कुमार-प्रथम, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड श्री राज बाबू, क्षेत्राधिकारी बस्ती सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी तथा उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान आवासीय कक्षों, पुस्तकालय और रसोईघर की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। बच्चों ने बताया कि उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों ने अधीक्षक को निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
वर्तमान में गृह में बस्ती के 28, संतकबीरनगर के 25 और सिद्धार्थनगर के 44 सहित कुल 97 किशोर निरुद्ध हैं। निरीक्षण में दो किशोरों द्वारा पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने की जानकारी सामने आई, जिसकी अधिकारियों ने सराहना की। जनपद न्यायाधीश ने बच्चों के बेहतर विकास हेतु शिक्षा, खेलकूद एवं मनोरंजन सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए।
इंद्रजीत त्रिपाठी ब्यूरो चीफ, बस्ती