मृत पशु उठाने के ठेके की आड़ में करते थे जहरीला खेल, छोटा हाथी, जहर, आटा-गुड़ और चाकू बरामद
सहारनपुर। थाना गागलहेड़ी पुलिस ने पशुओं को जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने वाले जहरखुरानी गिरोह का खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मृत पशुओं को उठाने के ठेके की आड़ में इस वारदात को अंजाम देते थे और पशुओं की मौत के बाद उनका मांस व खाल बेचकर मुनाफा कमाते थे।
पुलिस के मुताबिक दिनांक 29 जून 2026 को ग्राम कुतुबपुर कुसानी निवासी परवेज आलम ने थाना गागलहेड़ी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नदीम व अब्दुल्ला ने उसकी भैंस को जहरीला पदार्थ देकर मार दिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गागलहेड़ी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नवादा रोड से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नदीम पुत्र अनवर निवासी कमेला कॉलोनी इब्राहिमाबाद थाना मंडी और गय्यूर पुत्र अय्यूब निवासी मानकमऊ थाना कुतुबशेर के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन (UP-11 AT-4938), 500 ग्राम गुड़, 500 ग्राम आटा, सल्फॉस जहर के दो पैकेट और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।
पूछताछ में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास मृत पशु उठाने का ठेका है। ज्यादा से ज्यादा मृत पशु मिलने पर उन्हें फायदा होता था, इसी लालच में वे आटा और गुड़ में जहर मिलाकर पशुओं को खिला देते थे। कुछ समय बाद पशु मर जाते थे और वह छोटा हाथी वाहन से उन्हें उठाकर ले जाते थे।
आरोपियों ने बताया कि वे गांवों में सुनसान जगहों पर बंधे पशुओं को निशाना बनाते थे और पकड़े जाने से बचने के लिए वाहन को घटनास्थल से दूर खड़ा रखते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त नदीम थाना मंडी का हिस्ट्रीशीटर भी है, जिसके खिलाफ पूर्व में पशु क्रूरता, चोरी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम:
थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह सहित थाना गागलहेड़ी पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़