पीलीभीत। जिले में शिक्षा के स्तर को सुधारने और शत-प्रतिशत बच्चों का स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज ‘स्कूल चलो अभियान’ का भव्य आगाज किया गया। पीलीभीत के नवनियुक्त जिलाधिकारी महोदय श्री ज्ञानेंद्र सिंह ने आज गांधी स्टेडियम से एक विशाल जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।रैली के शुभारंभ के अवसर पर जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का बुनियादी अधिकार है। कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का दाखिला नजदीकी सरकारी स्कूलों में जरूर कराएं।गांधी स्टेडियम से शुरू हुई इस जागरूकता रैली में विभिन्न स्कूलों के बच्चों, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली में शामिल बच्चे हाथों में ‘आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे’ और ‘पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया’ जैसे प्रेरक नारों की तख्तियां थामे हुए थे। बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।रैली शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होकर गुजरी, जिसका मुख्य उद्देश्य आम जनता और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारी और भारी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्ट:शुऐब खान ब्योरो चीफ बरेली मण्डल