राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 3 स्थित बालाजी नगर में झूलती हाई वोल्टेज बिजली की तारें स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गई हैं। सड़क के ऊपर से गुजर रही तारों के कारण हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई मवेशी करंट की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं, जबकि बारिश के मौसम में छोटे बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में है।
स्थानीय नागरिकों द्वारा कई बार विद्युत विभाग से शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। क्षेत्रवासियों की मांग पर कांग्रेस नेता दिव्यांशु मिश्रा ‘अंशु’ ने मौके का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और विद्युत मंडल के अधिकारियों से तत्काल सुरक्षित विद्युत पोल लगाकर झूलती तारों को व्यवस्थित करने की मांग की। उन्होंने नगर निगम एवं विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विद्युतीकरण से संबंधित फाइल नगर निगम स्तर पर लंबित है, जिसके कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा है।
दिव्यांशु मिश्रा ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या के समाधान के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो स्थानीय जनता के साथ विद्युत विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित दुर्घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और जिला प्रशासन की होगी।