किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम बाजार कुर्रीडीह में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक की कथित अवैध संबंध के शक में टंगिया मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मामला केरेगांव थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के मंदसौर निवासी शंकर सूर्यवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले शंकर की पहचान मोबाइल फोन के जरिए बाजार कुर्रीडीह की एक महिला से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और नजदीकियां भी बढ़ने लगीं।`
बताया जा रहा है कि बुधवार को शंकर सूर्यवंशी अपनी महिला मित्र से मिलने मंदसौर से धमतरी पहुंचा था। रात में वह महिला के घर पर ही रुका हुआ था। इसी दौरान महिला के पति ने दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक हालत में देख लिया। यह देख वह गुस्से में आ गया और टंगिया से शंकर पर हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।