राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी में बारिश के मौसम के दौरान सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। महापौर प्रीति संजीव सूरी और निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर निगम अधिकारियों की टीम ने शहर के कई शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्कूल भवनों की छतों में रिसाव, मरम्मत की जरूरत, रंगाई-पुताई, बिजली व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। जहां-जहां कमियां मिलीं, उन्हें चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर जल्द सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
सहायक यंत्री आदेश जैन, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, मोना करेरा और उनकी टीम ने संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों की मौजूदगी में कैरेन लाइन, रॉबर्ट लाइन, खैबर लाइन, पड़रवारा, टिकरिया, मंगल नगर, छपरवाह, बिलगवां, अमकुही, कुठला, आधारकाप, नदीपार, पहरुआ और एनकेजे सहित कई शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया।
नगर निगम का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर अध्ययन वातावरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए चिन्हित सभी आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएंगे, ताकि बारिश के दौरान भी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रह सके।