राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी की निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आमजन की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और 50 दिन या उससे अधिक समय से लंबित सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में निगमायुक्त ने साफ-सफाई, सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सिविल, अतिक्रमण, राजस्व, एनयूएलएम और यांत्रिकी प्रकोष्ठ सहित विभिन्न शाखाओं की लंबित शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करते हुए नागरिकों को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी शिकायत “नॉट अटेंड” की स्थिति में न रहे।
सुश्री परिहार ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि बहु-विभागीय शिकायतों को अनावश्यक रूप से एक विभाग से दूसरे विभाग में स्थानांतरित करने की प्रवृत्ति बंद की जाए। प्रत्येक शिकायत की जवाबदेही तय करते हुए उसका त्वरित निराकरण किया जाए।
निगमायुक्त ने चेतावनी दी कि सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। यदि 50 दिन से अधिक पुराने मामलों के निराकरण में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करें।