छिंदवाड़ा : राजधानी भोपाल के एमपी नगर क्षेत्र में मंगलवार को जिला न्यायालय के निर्देश पर विशेष मजिस्ट्रेट वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (सीजीएम) आग्नीध्र कुमार द्विवेदी ने किया। इस दौरान तीन अन्य मजिस्ट्रेट, चार थानों की पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहनों की सघन जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान टीटी नगर की मजिस्ट्रेट करुणा दंडोतिया के वाहन को भी रोका गया और उस पर लगा हूटर हटाया गया। बाद में उन्होंने शासन का आदेश प्रस्तुत किया, जिसमें मजिस्ट्रेट को हूटर लगाने की अनुमति का उल्लेख था। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद बिना चालान किए उन्हें जाने दिया गया।इसी दौरान छिंदवाड़ा महापौर के वाहन पर लगी ‘महापौर’ की नेम प्लेट हटाकर चालानी कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन पर किसी भी व्यक्ति को विशेष छूट नहीं दी जाएगी।एसीपी ट्रैफिक देवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि यह विशेष अभियान न्यायालय के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है। अब तक 10 वाहनों से अवैध हूटर और सायरन जब्त किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि वाहन किसी अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रभावशाली व्यक्ति या आम नागरिक का हो, यातायात नियम सभी पर समान रूप से लागू होते हैं।