किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार सुबह एक युवक ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरा से दुर्ग जा रही साउथ बिहार एक्सप्रेस के गुजरने के दौरान यह हादसा हुआ। लोको पायलट ने युवक को ट्रैक पर देखकर तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन टक्कर में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना के बाद ट्रेन को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा, जिससे करीब 15 मिनट तक रेल परिचालन प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को ट्रैक से हटाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।