शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर ITN NATIONAL
सिद्धार्थनगर। जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज के जिले के डुमरियागंज आगमन पर रविवार को श्रद्धालुओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया। नगर के मंदिर चौराहे पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं वरिष्ठ नेता सुरेश यादव के नेतृत्व में स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार अभिनंदन किया।इस अवसर पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि उनकी विधानसभा वार यात्रा का मुख्य उद्देश्य गौवंश को राष्ट्रीय पशु घोषित कराने के लिए जनसमर्थन जुटाना और लोगों को इस विषय के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौमाता का विशेष स्थान है, इसलिए गौसंरक्षण को राष्ट्रीय स्तर पर प्राथमिकता मिलनी चाहिए।स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए सपा नेता सुरेश यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार से गौवंश को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गौवंश भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। सरकार को इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।शंकराचार्य के आगमन की सूचना पर मंदिर चौराहे पर श्रद्धालुओं, संतों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने जयघोष के बीच शंकराचार्य का स्वागत कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।डुमरियागंज में शंकराचार्य की इस यात्रा ने गौसंरक्षण और गौवंश को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर सामाजिक और राजनीतिक चर्चाओं को नई गति दे दी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस अभियान से गौसंरक्षण के मुद्दे पर व्यापक जनजागरूकता बढ़ेगी और सरकार का ध्यान भी इस महत्वपूर्ण विषय की ओर आकर्षित होगा।