वाराणसी से 
इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की शिवपुर थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 15 वर्षीय पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी वरुणा जोन के निर्देशन, एडीसीपी वरुणा के पर्यवेक्षण तथा एसीपी कैंट के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल (24 वर्ष), पुत्र अशोक, निवासी बड़ालालपुर, थाना शिवपुर के रूप में हुई है। उसे रविवार 19 जुलाई 2026 को सुबह करीब 7:55 बजे थाना शिवपुर परिसर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां ने थाना शिवपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को आरोपी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर थाना शिवपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) एवं 87 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश विश्वकर्मा कर रहे थे।
जांच और तलाश के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा अपहृत किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।