धमतरी। आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब के निर्माण और संग्रहण के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की है। यह मामला भखारा क्षेत्र के ग्राम कोपेडीह का है, जहां आबकारी अमले ने मुखबिर की सूचना पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब और बोरियों में भरकर छिपाया गया महुआ लाहन जब्त किया गया।विभाग को सूचना मिली थी कि ग्राम कोपेडीह में बड़े पैमाने पर अवैध शराब का संग्रहण किया गया है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जांच के दौरान टीम को पता चला कि आरोपियों ने पुलिस और आबकारी विभाग की नजरों से बचने के लिए शराब को जमीन के भीतर गाड़ कर रखा था। इसके बाद टीम ने फावड़े से जमीन की खुदाई करवाई, जिसके नीचे से भारी मात्रा में अवैध शराब की बोतलें बरामद हुईं।अवैध शराब के साथ ही टीम ने मौके से भारी मात्रा में महुआ लाहन भी बरामद किया, जिसे बोरियों में भरकर झाड़ियों और सुरक्षित स्थानों पर छिपाया गया था।आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बरामद किए गए महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया, ताकि इसका उपयोग दोबारा शराब बनाने में न किया जा सके। विभाग ने शराब को जब्त कर आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।रविवार शाम करीब 4 बजे आबकारी विभाग की ओर से इस पूरी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी दी गई। विभाग के आला अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
संवाददाता विवेक कन्नौजे – नगरी जिला धमतरी