नरसिंहपुर | संजय साहू
लोकेशन: नरसिंहपुर
नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-45 पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में छह युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी युवक सड़क किनारे सेल्फी ले रहे थे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं जांच कार्य शुरू किया।
हादसा सुआतला थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर स्थित हाथी नाला पिकनिक स्पॉट के पास रविवार शाम करीब 5 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छह युवक सड़क किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे, तभी तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर उनकी ओर आ गया और सभी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में राजेंद्र पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवकों को तत्काल शहपुरा, करेली और जबलपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रास्ते में वीरेंद्र लोधी (20 वर्ष), रामपाल लोधी (21 वर्ष) और जयपाल लोधी (30 वर्ष) ने दम तोड़ दिया। वहीं आकाश लोधी (24 वर्ष) और नीरज लोधी (25 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह हादसे में छह लोगों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।