शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर ITN NATIONAL
सिद्धार्थनगर जनपद के थाना खेसरहा पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण तथा उनकी बिक्री से प्राप्त ₹26,200 नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी बांसी शुभेन्दु सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्र के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान यह सफलता मिली। पुलिस ने बांसी-धानी मार्ग से बंजरहा जाने वाले रास्ते पर आरोपी परमात्मा शर्मा पुत्र स्वर्गीय दलसिंगार शर्मा, निवासी मलौली थाना बांसी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, वादी शैलकुमारी पत्नी गंगासागर, निवासी एचनी थाना खेसरहा ने 20 जुलाई को तहरीर देकर बताया कि 16 जुलाई को उनके घर एल्यूमिनियम का दरवाजा और खिड़की लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान परिवार के सभी सदस्य एक बरखी कार्यक्रम में चले गए थे। आरोप है कि घर में काम कर रहे कारीगर परमात्मा शर्मा ने मौके का फायदा उठाकर बक्से में रखे सोने-चांदी के कई कीमती जेवर चोरी कर लिए। घटना की जानकारी 18 जुलाई को हुई। काफी तलाश के बाद जेवर न मिलने पर पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और 21 जुलाई को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक मंगलसूत्र, माथा टीका, कान का झाला, एक जोड़ी पाजेब सहित लगभग ₹1.80 लाख मूल्य के आभूषण तथा उनकी बिक्री से प्राप्त ₹26,200 नकद बरामद किए गए। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुंज बिहारी तिवारी, कांस्टेबल अवनीश राय, अखिलेश कुमार और कमलेश सिंह की प्रमुख भूमिका रही।