जनपद हापुड़ क्षेत्र के थाना कस्बा गढ़मुक्तेश्वर में दहेज लोभी ससुराल वालों ने विवाहिता की जिंदा जलाकर ले ली जान मायके वालों में मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ क्षेत्र के कस्बा गढ़मुक्तेश्वर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज की कथित मांग ने एक और विवाहिता की जान ले ली। शादी के महज दो साल बाद एक बेटी की चिता जल उठी। मृतका के पिता ने पति समेत पांच लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और तेल डालकर आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
आपको बता दें कि
हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर थाना क्षेत्र के गांव अल्लाबख्शपुर निवासी जगदीश द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, उन्होंने अपनी बेटी नेहा की शादी करीब दो वर्ष पहले रामलीला ग्राउंड बारादरी निवासी अमन के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अमन, ससुर अनिल, सास सरोज, देवर शिवम और ननद प्रीति दहेज की मांग को लेकर नेहा को लगातार प्रताड़ित करते रहे। कई बार समझौते हुए, लेकिन उत्पीड़न नहीं रुका।
परिजनों का आरोप है कि 17 जुलाई को ससुराल पक्ष ने नेहा के साथ बेरहमी से मारपीट की और उस पर तेल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी नेहा को इलाज के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 19 जुलाई को उसने दम तोड़ दिया
घटना के बाद मृतका के पिता ने सभी आरोपियों के खिलाफ गढ़मुक्तेश्वर थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
दहेज के आरोपों से जुड़ा यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है
ब्यूरो चीफ ऊदल सिंह