राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
केरल से आईं शाइनी ने छात्राओं को नशामुक्त जीवन अपनाने का दिया संदेश
कटनी – शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में मंगलवार को “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन के लिए प्रेरित करना था।
सुश्री शाइनी ने किया जागरूक
मुख्य वक्ता के रूप में केरल से आईं शाइनी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
युवा शक्ति ही राष्ट्र की ताकत : प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने छात्राओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
एनएसएस-एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के संयुक्त सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, एनएसएस-एनसीसी के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।