ITN NEWS मप्र नरसिंहपुर जिला ब्यूरो चीफ संजय साहू
करेली शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और जाम-मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका करेली द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (ठोस कचरा प्रबंधन) एवं अतिक्रमण हटाने का विशेष अभियान सोमवार को चलाया गया। अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र का सघन निरीक्षण कर स्वच्छता एवं सुव्यवस्था के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया गया।
अभियान के तहत सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों पर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए। सड़क एवं नालियों में कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध मौके पर ही जुर्माने की कार्रवाई की गई। नगर पालिका द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि वे कचरा केवल निर्धारित कचरा वाहन में ही डालें, जिससे शहर की स्वच्छता बनी रहे। इसके साथ ही बाजार क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाने के लिए दुकानों के बाहर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। सड़क एवं फुटपाथ पर रखे गए सामान को जब्त कर मार्ग को बाधा मुक्त किया गया, जिससे आमजन और राहगीरों को आवागमन में सुविधा मिल सके।
नगर पालिका करेली ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील करते हुए कहा है कि बाजार क्षेत्र किसी भी शहर की पहचान होता है। इसे स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी नागरिक स्वच्छता नियमों का पालन करें एवं अतिक्रमण से बचें, ताकि शहर का स्वरूप और अधिक बेहतर बनाया जा सके।