दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह) बभनी और म्योरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को मौके पर दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 12,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार रघुनाथनगर (छत्तीसगढ़) से बाजार करके लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे शीशटोला जंगल में बाइक सवार बदमाशों ने चाकू के बल पर उनके बैग से सोने-चांदी के आभूषण और करीब 40 हजार रुपये नकद लूट लिए थे। घटना की रिपोर्ट थाना बभनी में दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
शनिवार तड़के करीब 3:27 बजे मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बभनी दिन्नू प्रसाद यादव और थानाध्यक्ष म्योरपुर संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ शीशटोला जंगल क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रघुनाथनगर की ओर से एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। पीछा करने पर मगरमाड़ तिराहे के आगे उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद दोनों झाड़ियों की ओर भागने लगे ।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रमेश साकेत के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मनोज साकेत को पकड़ लिया गया। दोनों की पहचान रमेश साकेत निवासी कनई, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली मध्य प्रदेश और मनोज साकेत निवासी बड़ोखर, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। जांच में यह भी सामने आया कि घटना की रेकी मनोज साकेत ने की थी और लूट की रकम चारों आरोपियों में बराबर बांटी गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक अवैध देसी तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो फायरशुदा खोखा कारतूस, एक 9 एमएम पुलिस का खोखा कारतूस, लूट में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल और 12,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2), 109(1) और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस ने बताया कि इस लूटकांड में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पकड़े गए आरोपियों का पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मामलों में इतिहास दर्ज है।