फतेहपुर थाना पुलिस ने कार चोरी और ट्यूबवेल से तांबा चोरी की दो घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई कार और ट्यूबवेल से चोरी किया गया 1.5 किलोग्राम तांबा बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार सरदाहेड़ी निवासी तस्लीम ने 17 जुलाई 2026 को अपने घर के बाहर खड़ी कार चोरी होने की रिपोर्ट थाना फतेहपुर में दर्ज कराई थी। वहीं, 28 जून 2026 को बिशनपुर निवासी देवपाल ने खेत में स्थित ट्यूबवेल से बिजली के तार चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामलों में पुलिस लगातार जांच कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो आरोपियों बिट्टू उर्फ माज पुत्र इमरान निवासी ग्राम कुलहाल, थाना विकासनगर, जिला देहरादून (उत्तराखंड), उम्र 23 वर्ष तथा लड्डू उर्फ साहिल पुत्र लुकमान निवासी ग्राम सरदाहेड़ी, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर, उम्र 20 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार चोरी के मुकदमे में चोरी की गई कार (पंजीकरण संख्या UK11B-8223) बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की वृद्धि की गई। इसके अलावा ट्यूबवेल चोरी के मामले में आरोपियों से 1.5 किलोग्राम तांबा भी बरामद हुआ, जिसके आधार पर धारा 317(2) एवं 324(2) बीएनएस की वृद्धि की गई। फतेहपुर थाना पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़