कौशिक नाग –न्यू टाउन से दर्ज होंगे सभी मामले बंगाल में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) का पहला थाना स्थापित हो गया है। राज्य सरकार ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर इसके गठन की घोषणा की।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मंत्रिपरिषद द्वारा पिछले सप्ताह प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने के बाद यह कदम उठाया गया। इससे अब बंगाल से जुड़े एनआइए मामलों की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए दिल्ली पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी। राज्य के गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार, न्यू टाउन स्थित एनबीसीसी भवन की 16वीं मंजिल पर एनआइए थाना संचालित होगा।
वर्तमान में इसी भवन में एनआइए का क्षेत्रीय कार्यालय भी है। अब राज्य में एनआइए के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी मामलों की प्राथमिकी इसी थाने में दर्ज होगी और जांच की प्रशासनिक प्रक्रिया यहीं से संचालित की जाएगी।
एनआइए लंबे समय से कोलकाता में अपना थाना स्थापित करना चाहती थी। पहले ऐसा नहीं होने के कारण बंगाल से जुड़े मामलों में प्राथमिकी दिल्ली मुख्यालय के माध्यम से दर्ज करनी पड़ती थी।
नई व्यवस्था लागू होने से जांच प्रक्रिया अधिक तेज और सुगम होने की उम्मीद है। मुंबई, चेन्नई, रांची, कोच्चि और इंफाल सहित देश के कई शहरों में पहले से ही एनआइए के थाने कार्यरत हैं।