उरई(जालौन): जालौन पुलिस के बेड़े में शामिल हुईं हाईटेक इंटरसेप्टर बाइक, एसपी ने दिखाई हरी झंडी
पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने जनपद में यातायात व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 02 आधुनिक इंटरसेप्टर मोटर साइकिलों को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में रवाना किया। इस दौरान पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। नई रॉयल एनफील्ड हंटर इंटरसेप्टर मोटरसाइकिलें अत्याधुनिक तकनीकी उपकरणों से लैस हैं। इनमें स्पीड लेजर गन, ई-चालान कैमरा, मल्टी टोन सायरन, पी.ए. सिस्टम, फ्लैशर/वार्निंग लाइट सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन तकनीकी उपकरणों की मदद से ओवरस्पीड और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की प्रभावी निगरानी की जाएगी। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मौके पर ही त्वरित एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जा सकेगी। आधुनिक तकनीक से लैस इंटरसेप्टर मोटर साइकिलों से यातायात के नियमों से खिलवाड़ अब मंहगा पड़ेगा। बाइकों में लगे उच्च तकनीकी के कैमरे ओवरस्पीड वाहनों को तुरंत अपनी स्क्रीन पर कैच कर लेंगे।
(अनिल कुमार ओझा, ब्यूरो प्रमुख)