संजय साहू, जिला ब्यूरो, नरसिंहपुर
करेली। करेली पुलिस ने एक बड़ी और उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए ग्राम सगोरिया स्थित दिगंबर जैन मंदिर में हुई बहुचर्चित चोरी का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई 18 प्राचीन एवं धार्मिक महत्व की मूर्तियां सकुशल बरामद कर ली हैं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व सगोरिया स्थित दिगंबर जैन मंदिर से 18 प्राचीन मूर्तियों की चोरी होने से क्षेत्र सहित जैन समाज में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया एवं एसडीओपी मनोज गुप्ता के मार्गदर्शन में करेली थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाकर हिग्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार मेहनत करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और चोरी की गई सभी 18 प्राचीन मूर्तियां बरामद कर लीं। इस सफलता ने न केवल एक महत्वपूर्ण चोरी का खुलासा किया, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़े अमूल्य धरोहरों को भी सुरक्षित वापस दिलाया।
करेली पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। वहीं, चोरी गई मूर्तियों की बरामदगी से संपूर्ण जैन समाज ने राहत की सांस ली है और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।