बरेली। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बीडीए उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सौम्या पाण्डेय ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस वर्ष कांवड़ियों की सेवा के लिए दो सेवा शिविर स्थापित किए जाएंगे। इनमें एक मुख्य सेवा शिविर बदायूं रोड तथा दूसरा मिनी सेवा शिविर रामपुर रोड पर संचालित होगा।उन्होंने बताया कि दोनों शिविरों का संचालन बीडीए के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की निगरानी में किया जाएगा। शिविरों में आने वाले कांवड़ियों का पारंपरिक एवं श्रद्धापूर्वक स्वागत किया जाएगा। बदायूं रोड स्थित मुख्य सेवा शिविर में श्रद्धालुओं के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा, जहां वे यात्रा की यादगार तस्वीरें ले सकेंगे। साथ ही कांवड़ियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया जाएगा।सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए भोजन, चाय, पेयजल, शीतल पेय और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयों और मेडिकल सहायता की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।सौम्या पाण्डेय ने कहा कि बीडीए का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा शिविरों के सफल संचालन के लिए आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं, जिससे कांवड़ यात्रा सुगम और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
रिपोर्ट:शुऐब खान ब्यूरो चीफ बरेली डिवीज़न