बरेली जनपद में धोखाधड़ी और ठगी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला जिले से सामने आया है, जहां खुद को ‘RCL बीमा कंपनी’ का एजेंट बताने वाले डॉ. सुनील लखमपुर ने एक गरीब और अनपढ़ दंपत्ति को अपनी ठगी का शिकार बनाया है। आरोपी ने महज तीन साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर दंपत्ति से 1.51 लाख रुपये (151200 रुपये) की मोटी रकम ऐंठ ली।पीड़ित दंपत्ति कांता प्रसाद और उनकी पत्नी ने अपनी मेहनत-मजदूरी की गाढ़ी कमाई भविष्य के लिए जोड़ी थी। आरोप है कि डॉक्टर सुनील लखमपुर ने उन्हें आरसीएल (RCL) बीमा कंपनी में निवेश करने पर तीन साल में पैसे डबल होने का बड़ा झांसा दिया। अनपढ़ होने के कारण दंपत्ति उसकी चिकनी-चुपड़ी बातों में आ गए और अपनी पाई-पाई जमा पूंजी उसे सौंप दी।पैसे डूबने के बाद से ही कांता प्रसाद और उनकी पत्नी न्याय की आस में स्थानीय पुलिस थानों और उच्च अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट-काटकर थक चुके हैं। आरोप है कि लगातार गुहार लगाने के बावजूद पुलिस स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे ठगी का शिकार हुआ यह परिवार पूरी तरह टूट चुका है।सामने आए एक वीडियो बयान में पीड़ित दंपत्ति ने दर्द बयां करते हुए कहा है कि न्याय न मिलने और पाई-पाई को मोहताज होने की स्थिति में अब उनके पास आत्महत्या करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है। इस बयान ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट:शुऐब खान ब्यूरो चीफ बरेली डिवीज़न