दूसरी चाबी से नायब तहसीलदार की गाड़ी स्टार्ट कर ले जाने की कोशिश, पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की जांच:
आज नवीन तहसील उरई परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब नायब तहसीलदार के सरकारी वाहन को चोरी कर ले जाने का प्रयास किया गया। कर्मचारियों की सतर्कता से चोरी का प्रयास नाकाम हो गया। आरोपी दूसरी चाबी से सरकारी वाहन स्टार्ट कर उसे लेकर जाने की कोशिश कर रहा था। कर्मचारियों ने मुख्य गेट के पास उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार नई तहसील परिसर में नायब तहसीलदार को उपलब्ध सरकारी वाहन UP-92-G-0353 खड़ा था। इसी दौरान एक युवक कथित तौर पर दूसरी चाबी की मदद से वाहन स्टार्ट कर उसे लेकर जाने लगा। वाहन चालक एवं नाजिरती अनुभाग में तैनात चपरासी दिनेश कुमार को संदिग्ध गतिविधि की भनक लगी तो उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर तहसील परिसर में मौजूद कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और मुख्य गेट के पास वाहन को रुकवा लिया।कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़ लिया। इस दौरान उसके साथ हाथापाई भी हुई। बाद में आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के संबंध में दिनेश कुमार ने कोतवाली उरई में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह अकेले वारदात को अंजाम देने आया था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। तहसील परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्ष दर्शियों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। सरकारी वाहन चोरी के प्रयास की घटना से तहसील परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
(अनिल कुमार ओझा, ब्यूरो प्रमुख, ITN news)