हरदोई। बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम विहगंवा में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। रविवार शाम करीब 5 बजे तेज रफ्तार डीसीएम वाहन चालक की लापरवाही के कारण वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूटकर नीचे गिर गया और उसकी चपेट में आकर 14 वर्षीय रागिनी शुक्ला पुत्री अजय कुमार शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजन और स्थानीय लोगों ने तत्काल रागिनी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बावन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही बेहटा गोकुल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हादसे में शामिल डीसीएम वाहन को कब्जे में ले लिया है तथा चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तरंग गुप्ता जिला संवाददाता
ITN NEWS
HARDOI