कांवड़ यात्रा-2026 और श्रावण मास के प्रथम सोमवार के मद्देनज़र सहारनपुर पुलिस लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना चिलकाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेजों के संचालित पांच वाहनों को सीज कर दिया।पुलिस ने अंबाला-यमुनानगर की ओर से आ रहे दो पिकअप वाहनों की जांच की, जिनमें मुर्गों का परिवहन किया जा रहा था। जांच के दौरान चालक आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके चलते दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया। मामले की रिपोर्ट अग्रिम कार्रवाई के लिए राजस्व विभाग को भी भेजी जा रही है।वहीं कांवड़ मार्ग पर बिना नंबर प्लेट के मिट्टी से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी पकड़ी गईं। वाहन चालकों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। कांवड़ यात्रा के दौरान खनन संबंधी वाहनों पर लागू प्रतिबंध का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस ने तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने, नियमों का पालन सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा!
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़