किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले की कोटमीकला पुलिस ने महिला की हत्या के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने कथित अवैध संबंध के विवाद में महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने की नीयत से शव को खेत में फेंक दिया था।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को ग्राम सेखवा मेन रोड के पास विमलाबाई गोंड के खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर कोटमीकला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान नहीं हो सकी।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर संदिग्ध तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने संतोषी बाई की गला घोंटकर हत्या की थी। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को ग्राम सेखवा स्थित खेत में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और धारा 238 (साक्ष्य मिटाने/अपराध से जुड़े कृत्य) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की विवेचना जारी है।