दुद्धी (सोनभद्र)।(विवेक सिंह)स्थानीय थाना क्षेत्र के नौडीहा गांव में खेत के पास स्थित बंधी में डूबने से 5 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत होने से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना मंगलवार शाम की बतायी जा रही है, लेकिन बच्ची का शव बुधवार सुबह बंधी के पास मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नौडीहा गांव निवासी रामदास अपनी पत्नी सहित धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। उनकी 5 वर्षीय पुत्री पार्वती भी अपने माता पिता के साथ खेत में मौजूद थी। परिवार खेत में काम में व्यस्त था और खेत से लगभग 200 मीटर दूरी पर बंधा स्थित है। खेलते‑खेलते पार्वती परिजनों की निगाहों से ओझल हो गई और कब वह बंधी तक पहुंच गई,इसकी खबर किसी को नहीं रही ।परिजनों ने मंगलवार शाम से देर रात तक बच्चे की खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला । बुधवार सुबह जब खोजबीन के दौरान परिजन बंधी के पास पहुंचे तो पार्वती का शव पानी में पड़ा मिला। परिजन बच्ची को पानी से निकालकर बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजन घटना की सूचना बीडीसी प्रदीप को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की औपचारिकताएँ पूरी कर ली गई हैं और आगे की जांच जारी है।
मृतक के पिता ने बताया कि परिवार में कुल छह बच्चे हैं तीन पुत्र और तीन पुत्रियों में पार्वती तीसरे नंबर व अपनी बहनों में दूसरे नंबर पर थी। इस हृदयविदारक घटना से परिवार का रो रोकर बुरा हाल है ।परिवार सहित पूरे गांव में शोक व्याप्त है।