चंदौली। जिले की सैयदराजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹25 हजार के इनामी गो-तस्कर गुलाम मोहम्मद उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा गो-तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ और जांच के दौरान 31 सदस्यीय अंतरराज्यीय गो-तस्करी गिरोह का खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में गिरोह के सदस्यों के बीच करीब ₹187 करोड़ के वित्तीय लेन-देन की जानकारी सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस अब इस पूरे वित्तीय नेटवर्क की गहन जांच कर रही है।
आरोपी पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज
गिरफ्तार आरोपी गुलाम मोहम्मद उर्फ सोनू के खिलाफ विभिन्न जनपदों में गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कुल 6 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही गिरोह के आर्थिक लेन-देन और उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस का बयान
सीओ सदर नामेंद्र कुमार रावत ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता है। मामले में सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: अमित सिंह, ब्यूरो चीफ, चंदौली