दुद्धी सोनभद्र ।(विवेक सिंह)सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी के नवनियुक्त चिकित्साधीक्षक पैथोलॉजिस्ट डॉ. वरुणानिधि ने शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए और वार्डों में विशेष रूप से सफाई और भर्ती मरीजों के बेड पर साफ चादरें सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया।
डॉ. वरुणानिधि ने कहा कि अस्पताल परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए लगातार प्रयास किए जाएँगे। उन्होंने कहा कि परिसर में दलाल प्रकार के लोगों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर उन्होंने परिसर में पुलिस बल या सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती के लिए आधिकारिक पत्राचार भी किया गया है।इसके अलावा अस्पताल रोड पर वाहनों के अनुचित आवागमन और खड़े होने की शिकायतें भी मिल रही हैं, इसे लेकर स्थानीय पुलिस को सूचना दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मौजूदा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा तथा जनता की शिकायतों के निस्तारण के लिए वे हर दिन कार्यालय में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे।
बताया गया कि पूर्व चिकित्साधीक्षक डॉ. शाह आलम को प्राइवेट प्रैक्टिस समेत अन्य मामलों पर दर्ज शिकायतों के बाद उनके पद से हटाकर कटौली गांव के पीएचसी में स्थानांतरित किया गया था।