बारीपदा, 12/8: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बारीपदा स्थित आदर्श दुर्गावती राष्ट्रभाषा विद्यालय परिसर में जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मयूरभंज जिले के विभिन्न विद्यालयों से करीब 60 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।जिले के 15 विद्यालयों से कक्षा छठी से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्वतंत्रता आंदोलन, देशभक्ति तथा देश के गौरवशाली इतिहास से संबंधित विषयों पर विद्यार्थियों के ज्ञान और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य रहा।विद्यालय के शिक्षक- शिक्षिकाओं ने प्रतियोगिता का संचालन किया। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष गया प्रसाद खंडेलवाल एवं सचिव डॉ. असीम कुमार चक्रवर्ती के साथ शिक्षक संतोष कुमार नायक, ज्ञान रंजन बारिक, इप्सिता दास, रश्मि रेखा पटनायक, बिस्मिता सेठी और देवेंद्र कौर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित किया।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को आगामी स्वतंत्रता दिवस की शाम 7 बजे शहीद स्मृति भवन में प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।आयोजकों ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के मन में देशभक्ति, स्वतंत्रता के महत्व और राष्ट्रीय चेतना की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
himansu sekhar praharaj mayurbhanj