किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
गरियाबंद/महासमुंद। सावन के दौरान जतमई, घटारानी और राजिमधाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों में श्रद्धालुओं को निशाना बनाने वाली कथित महिला चोर गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार में घूमकर रेकी करने और भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने के आरोप में 7 महिलाओं को पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार, 9 अगस्त को जतमई धाम में आरंग निवासी नीलम चक्रधर के गले से करीब 2 तोले की सोने की चेन चोरी हो गई थी। चेन की कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी।
CCTV और कार नंबर से मिला सुराग
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान संदिग्ध कार के नंबर के आधार पर पुलिस ने महासमुंद के पास नाकेबंदी की। इस दौरान MP 49 SB 2471 नंबर की कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार से चोरी का सामान बरामद होने की बात सामने आई। पुलिस ने कार में सवार 7 संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लिया।
नागपुर और आसपास की रहने वाली हैं आरोपी महिलाएं
पुलिस पूछताछ में महिलाओं के महाराष्ट्र के नागपुर और आसपास के क्षेत्रों से होने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों की पहचान रोनक पातनकर (30), सीमा पात्रे (40), विद्या उफाड़े (30), मुस्कान पात्रे (26), मीना खवड़े (35), नंदिनी पात्रे (30) और छाया उफाड़े (50) के रूप में बताई गई है।
धार्मिक स्थलों पर रेकी कर वारदात का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाएं कार से धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर पहले भीड़ और श्रद्धालुओं की गतिविधियों की रेकी करती थीं। इसके बाद भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले और कान से सोने के आभूषण तथा पर्स चोरी करने की वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
पुलिस को आशंका है कि पकड़ी गई महिलाएं किसी बड़े अंतरराज्यीय चोरी गिरोह से जुड़ी हो सकती हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पूर्व में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
मंदिरों में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद जतमई धाम समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट हो गई है। मंदिर परिसरों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है। सादी वर्दी में पुलिस जवानों की तैनाती के साथ CCTV फुटेज पर भी नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल, पर्स और सोने-चांदी के आभूषणों की विशेष सावधानी से सुरक्षा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना दें।