बारीपदा, 12/8: महाविद्यालय एवं विद्यालय के छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मयूरभंज जिला पुलिस की ओर से बुधवार को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला पुलिस अधीक्षक श्री वरुण गुंडूपल्ली के निर्देश पर आयोजित इन कार्यक्रमों में प्राथमिक विद्यालय से लेकर महाविद्यालय स्तर तक के विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।मयूरभंज साइबर थाना की ओर से स्थानीय बारीपदा उच्च माध्यमिक विद्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में डीएसपी अजय कुमार जेना के मार्गदर्शन में प्रदीप कुमार माझी, षडानन नायक, स्नेहलता गिरि एवं प्रभाती साहू सहित पुलिस निरीक्षक एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी विभिन्न प्रकार के साइबर अपराध और उनसे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।इसी तरह जिले के लगभग सभी थाना क्षेत्रों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। बारीपदा सदर सब-डिवीजन के बारीपदा सदर, बारीपदा टाउन, भंजपुर, कुलियाणा, शुलियापदा, बांगिरिपोसी, झारपोखरिया एवं चांदुआ तथा उदला सब-डिवीजन के शरत, खुण्टा, उदला और कप्तिपदा सहित बेतनोटी पुलिस सब-डिवीजन के बड़साही, मोरड़ा, बैशिंगा, रासगोविंदपुर और बेतनोटी थाना क्षेत्रों में थाना अधिकारियों के सहयोग से विद्यार्थियों के लिए विभिन्न साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।कार्यक्रमों में “अनजान लिंक पर क्लिक न करें, क्लिक करने से पहले सोचें”, “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें”, “ज्ञान और सावधानी—साइबर ठगी से बचाव” तथा “मजबूत पासवर्ड—मजबूत सुरक्षा” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, कमजोर पासवर्ड तथा अन्य साइबर अपराधों से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।मयूरभंज जिले में साइबर जागरूकता अभियान को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए साइबर सेल के नोडल अधिकारी तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार गोछायत ने भविष्य में इस अभियान को और गति देने के लिए मयूरभंज पुलिस की ओर से किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।