महेंद्र कुमार दुबे बॉबी की रिपोर्ट
जतारा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जतारा नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई जो। नगर परिषद कार्यालय से शुरू हुई यात्रा मैन मार्केट, घटिया मोहल्ला होते हुए नायक चौराहा पहुंची। यात्रा के दौरान पूरे नगर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्कूली बच्चे, युवा, मातृशक्ति एवं नगरवासी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष लगाए, जिससे पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।
यात्रा के माध्यम से देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साह के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष अनुराग रामजी नायक ने कहा कि तिरंगा देश के स्वाभिमान, शौर्य, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। देश की स्वतंत्रता और सम्मान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की स्मृति तिरंगे से जुड़ी है।
तिरंगा यात्रा में नगरवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।