रिपोर्ट अभिषेक कुमार पाण्डेय
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 14 चक्का ट्रक में क्षमता से अधिक गौवंश को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर ले जाने की कोशिश को विफल करते हुए कुल 46 गौवंश बरामद किए। इनमें 7 गौवंश मृत पाए गए, जबकि 39 जीवित गौवंश को सुरक्षित रेस्क्यू कर कांजी हाउस धरमजयगढ़ पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार 12 अगस्त 2026 को रात करीब 2.20 बजे धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि एक 14 चक्का ट्रक के जरिए जंगल के रास्ते गौवंश की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े ने मुखबिरों को सक्रिय किया और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कराई।इस दौरान संदिग्ध ट्रक के बरसापाली जंगल की ओर जाने की जानकारी मिली। थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम को बरसापाली जंगल मार्ग पर घेराबंदी और कार्रवाई के लिए रवाना किया। पुलिस टीम की भनक लगते ही ट्रक में सवार पशु तस्कर वाहन को जंगल में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए।पुलिस टीम ने जंगल में तिरपाल से ढके लावारिस हालत में खड़े 14 चक्का ट्रक क्रमांक CG 14 D 0739 की तलाशी ली। ट्रक के भीतर 46 गौवंश को ठूंस-ठूंसकर बेहद अमानवीय तरीके से परिवहन किया जा रहा था। पशुओं के लिए पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। तलाशी के दौरान 7 गौवंश मृत मिले।पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक में मौजूद जीवित गौवंश को बाहर निकाला। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा, प्रकाश गिरी गोस्वामी एवं हमराह स्टाफ ने रेस्क्यू अभियान चलाकर 39 जीवित गौवंश को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को कांजी हाउस धरमजयगढ़ में पहुंचाकर चारा-पानी की व्यवस्था कराई गई।मामले में धरमजयगढ़ पुलिस ने ट्रक चालक एवं फरार पशु तस्करों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 10 के तहत अपराध दर्ज किया है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार पतासाजी कर रही है।पुलिस की अपील रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गौवंश की अवैध तस्करी, पशु क्रूरता अथवा संदिग्ध रूप से पशुओं के परिवहन की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का संदेश«“गौवंश तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। तस्करी में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत जिले में गौवंश तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।