रिपोर्ट राहुल जायसवाल अयोध्या स्टेट रिपोर्टर
शहर से लेकर ग्रामीण तक के पत्रकार हुए शामिल, जगह-जगह पुष्प वर्षा से हुआ भव्य स्वागत
अयोध्या। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर शुक्रवार को अयोध्या में पत्रकारों ने राष्ट्रप्रेम और एकता की अनूठी मिसाल पेश की। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया से जुड़े सैकड़ों पत्रकारों ने सहादतगंज से लता मंगेशकर चौक तक करीब 14 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारे लिए पत्रकारों का कारवां शहर की सड़कों से गुजरा तो पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो उठा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ एडीजी जोन प्रवीण कुमार ने सहादतगंज चौराहे पर तिरंगा हाथ में लेकर किया। यात्रा में आगे चल रहे डीजे वाहन से गूंज रहे देशभक्ति गीतों ने माहौल में जोश भर दिया। ‘ए वतन-वतन मेरे आबाद रहे तू’ और ‘ऐ आन तिरंगा है, मेरी जान तिरंगा है’ जैसे गीतों के बीच पत्रकारों का कारवां आगे बढ़ता रहा। रास्ते में शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। महिलाओं, बच्चों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी तिरंगा यात्रा के प्रति उत्साह दिखाया।
जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
यात्रा के दौरान पूर्व सांसद लल्लू सिंह व उनके समर्थकों के द्वारा पत्रकारों का भव्य स्वागत किया गया। इस तरह पत्रकार चौराहे पर वरिष्ठ पत्रकारों की ओर से पत्रकारों का स्वागत किया गया। रूपेश श्रीवास्तव और अजय श्रीवास्तव ‘अज्जू’ के नेतृत्व में पत्रकारों का अभिनंदन किया गया। रुदौली विधायक रामचंद्र यादव समर्थकों के साथ यात्रा में पैदल शामिल हुए और जलपान व भोजन की व्यवस्था कर पत्रकारों का स्वागत किया। सदर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की ओर से भी जलपान की व्यवस्था की गई।अयोध्या लीला हारी फाउंडेशन ने तिरंगा यात्रा का अनूठे अंदाज में स्वागत किया। फाउंडेशन की ओर से आतिशबाजी के साथ करीब एक हजार गुब्बारों का गुच्छा आकाश में छोड़ा गया। जलपान की व्यवस्था कर पत्रकारों का अभिनंदन किया गया। साहिबगंज क्षेत्र के श्री श्री ओम आर्य सहित मोहल्लेवासियों ने भी यात्रा का भव्य स्वागत किया।
नियावां चौराहे पर निषाद समाज की ओर से अध्यक्ष संतोष निषाद के नेतृत्व में पत्रकारों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
राम मंदिर आंदोलन के दौरान बाबरी मस्जिद पक्ष की ओर से पत्रकार रहे इकबाल अंसारी ने भी तिरंगा यात्रा में शामिल पत्रकारों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। होटल शाने अवध के मालिक शरद कपूर ने भी अपने संस्थान के लोगों के साथ पत्रकारों का स्वागत किया इसमें अवध मोटर ट्रेनिंग के प्रोपराइटर शिव कुमार यादव ने गुदड़ी बाजार पर पुष्पवर्षा एवं जलपान के साथ पत्रकारों का स्वागत किया।अवन्तिका होटल ने स्वागत किया, रिकाबगंज में यश पाठक बाबा,शावेज जाफरी के नेतृत्व में अधिवक्ता साथियों ने भी कचहरी के पास स्वागत किया।
श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंची यहां पत्रकारों ने श्रीराम मंदिर के समक्ष तिरंगे को नमन किया और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ राष्ट्र के प्रति अपनी आस्था एवं समर्पण का संदेश दिया।
शहीदों को श्रद्धांजलि, एकता का लिया संकल्प
पत्रकारों ने तिरंगा यात्रा के माध्यम से वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। पत्रकारों ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि देश के स्वाभिमान, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। अयोध्या में निकली यह यात्रा पत्रकारिता की सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश देने वाली रही।यात्रा के दौरान ‘पत्रकार एकता जिंदाबाद’ और देशभक्ति के नारों से शहर गूंजता रहा। पत्रकारों ने कहा कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक के पत्रकारों का एक मंच पर आना आपसी एकता और भाईचारे की मजबूत तस्वीर पेश करता है। यात्रा को सफल बनाने में शासन-प्रशासन की ओर से मिले सहयोग के लिए भी पत्रकारों ने आभार जताया।
इसके बाद यात्रा लता मंगेशकर चौक पहुंचकर संपन्न हुई।