किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के मोपका बायपास स्थित रमतला मोड़ के पास गुरुघासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (CU) के सहायक प्राध्यापक और उनके दोस्त से चाकू की नोक पर लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन नाबालिगों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। आरोपियों ने रास्ता पूछने के दौरान सहायक प्राध्यापक और उनके दोस्त को रोककर चाकू दिखाया और उनके पास मौजूद मोबाइल व नकदी समेत कुल 16,730 रुपये लूट लिए।
रास्ता भटकने के दौरान हुई वारदात
सेंदरी स्थित महामाया रेसीडेंसी निवासी बसंत कुमार मैहर (54) गुरुघासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में सहायक प्राध्यापक हैं। उन्होंने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वह अपने दोस्त सुजीत कुमार ठाकुर को मोटरसाइकिल पर बैठाकर घूमने निकले थे।
मोपका बायपास की ओर जाते समय दोनों रास्ता भटक गए। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उनकी बाइक रोकने का प्रयास किया। हालांकि वे दोनों वहां से आगे निकल गए। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें घेरकर चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
बरपाली गांव में दबिश देकर गिरफ्तारी
घटना की शिकायत मिलते ही कोनी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान करते हुए बरपाली गांव में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को पकड़ा, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 309(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात का जल्द खुलासा हो गया। मामले में आरोपियों से पूछताछ कर लूटे गए सामान और घटना में प्रयुक्त हथियार के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।