मझगवां में जन विश्वास शिविर का आयोजन, सतना कलेक्टर और एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं
सतना जिले के मझगवां क्षेत्र में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान उद्यमिता संवाद, ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक और NRLM राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अवसरों तथा स्वरोजगार योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। नयागांव और हिरौंदी में उद्योग विभाग को आवंटित भूमि पर आगामी औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की रणनीति बनाई गई, आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में 100 से अधिक नागरिकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। सतना कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार और पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर आमजन की शिकायतें सुनीं। कई समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया गया, जबकि शेष आवेदनों को दर्ज कर समयसीमा में निराकरण का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जन समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए यह अभियान हर शुक्रवार को निरंतर आयोजित किया जाएगा।
