बीना। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के ज्ञान शिखर सेवाकेंद्र पर रविवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। संस्थान की पूर्व मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि की 19वीं पुण्य स्मृति दिवस (विश्व बंधुत्व दिवस) के उपलक्ष्य में आयोजित रक्तदान शिविर में 27 रक्तवीरों ने रक्तदान कर विश्व बंधुत्व का संदेश दिया। बता दें कि ब्रह्माकुमारीज़ के समाजसेवा प्रभाग द्वारा भारत सहित नेपाल में 21 अगस्त से 25 अगस्त तक पांच दिवसीय विशाल रक्तदान महाअभियान चलाया जा रहा है। इस महाअभियान में एक लाख यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है। संस्थान के देशभर में स्थित छह हजार से अधिक सेवाकेंद्रों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविर के शुभारंभ पर बीना विधायक निर्मला सप्रे ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा समाजहित में बहुत ही सराहनीय कार्य किया जा रहा है। रक्तदान करना बहुत ही पुण्य का कार्य है। संस्था सामाजिक कल्याण के लिए नशामुक्ति से लेकर अपने सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज परिवर्तन में जुटी है।
बीएमओ संजीव अग्रवाल ने कहा कि एक रक्तदान से तीन लोगों की जान बचती है। आपका रक्तदान मानवहित में सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। रक्त की एक बूंद किसी के लिए उम्मीद, किसी परिवार के लिए खुशी और किसी जीवन के लिए संजीवनी बन सकती है। रक्तदान करने से शरीर में रक्त की कमी नहीं होती, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद बढ़ती है। रक्तदान शिविर में सागर और खुरई ब्लड बैंक की टीमों का सराहनीय सहयोग रहा।
डॉक्टर ज्योति नामदेव ने कहा कि रक्तदान को केवल सेवा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी बनाएं। डॉक्टर शेखर श्रीवास्तव ने कहा कि न कोई जाति, न कोई धर्म, न कोई पहचान- रक्तदान मानवता को मानवता से जोड़ने वाली सेवा है।
वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके जानकी दीदी ने कहा कि हम रक्तदान को केवल एक अभियान न बनाएं, बल्कि इसे अपने जीवन के सेवा संकल्प का हिस्सा बनाएं। जब भी स्वास्थ्य और परिस्थितियां अनुमति दें, रक्तदान के लिए आगे आएं और दूसरों को भी प्रेरित करें। रक्तदान करते समय संकल्प करें कि परमात्मा, इस सेवा के माध्यम से किसी जरूरतमंद आत्मा के जीवन में आशा और शक्ति पहुंचे। ऐसा श्रेष्ठ संकल्प हमारी सेवा को और भी पवित्र बना देता है।
इस मौके पर प्रीति जैन, मोहिनी सोनी, कपिल, विवेक सिंह राजपूत, बीके सरस्वती दीदी, बीके मधु दीदी, बीके रिया दीदी सहित अन्य भाई-बहनें मौजूद रहे।
विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान क्यों?
बीके जानकी दीदी ने बताया कि वर्ष 2025 में आयोजित विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान के अंतर्गत भारत एवं नेपाल में हजारों रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में 88,378 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इस ऐतिहासिक सेवा उपलब्धि को ओएमजी बुक ऑफ रिकार्ड द्वारा सम्मानित किया गया था। ब्रह्माकुमारीज़ का यह अभियान जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र और विचारधारा से ऊपर उठकर सम्पूर्ण मानव समाज को एक विश्व परिवार मानने के आध्यात्मिक दृष्टिकोण पर आधारित है।
मिलन सिंह नेशनल कोऑर्डिनेटर इंडियन टीवी न्यूज़(ITN) National