मयूरभंज जिले के बांगिरिपोशी में पुलिस ने अवैध रूप से बालू ले जा रहे एक हाइवा वाहन को जब्त किया है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं, अवैध बालू परिवहन का विरोध करने वाले स्थानीय युवकों के साथ कथित मारपीट को लेकर भी इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज तड़के अवैध बालू लेकर जा रहे एक हाइवा को कुछ स्थानीय युवकों ने रोक लिया और वाहन के कागजात दिखाने को कहा। आरोप है कि चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
बताया जा रहा है कि इसके बाद हाइवा में सवार एक अन्य व्यक्ति ने स्थानीय युवकों के साथ कथित तौर पर मारपीट की और बांगिरिपोशी नए बस स्टैंड के पास जबरन बालू उतार दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बांगिरिपोशी पुलिस मौके पर पहुंची और बालू लदे हाइवा को जब्त कर लिया। पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि वर्तमान में बारिश के मौसम को देखते हुए कई बालू घाटों पर सरकारी स्तर पर बालू उठाव बंद है। ऐसे में अवैध रूप से बालू का परिवहन किसके संरक्षण में चल रहा है, इसे लेकर स्थानीय लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं।
वहीं, अवैध बालू परिवहन का विरोध करने वाले युवकों के साथ कथित मारपीट और इसके बाद जबरन बालू उतारे जाने की घटना ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।