बिलासपुर, 25 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (रा.से.यो.) प्रकोष्ठ द्वारा ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त 2026 को किया जाएगा। यह कार्यक्रम देशभर में युवाओं की खेलों में भागीदारी, खेल विकास तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. एल. पी. पटेरिया एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मनोज सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी एवं राष्ट्रीय खेल नायक मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष 27 अगस्त को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री श्री तोखन साहू और विशिष्ठ अतिथि बेलतरा क्षेत्र के विधायक श्री सुशांत शुक्ला जी होंगे।
‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं, खिलाड़ियों और राष्ट्र के भविष्य को एक साझा मंच पर जोड़ना है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खिलाड़ियों, सांसदों, विधायकों, मंत्रियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद और विचार-विमर्श का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का वर्चुअल संबोधन होगा। 27 अगस्त को प्रधानमंत्री देशभर के 1,600 से अधिक स्थानों पर उपस्थित 8 लाख से अधिक युवा प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर युवाओं को भारत में खेलों के क्षेत्र में पिछले 12 वर्षों में हुए परिवर्तन, खेल अधोसंरचना के विकास तथा देश में विकसित हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र से अवगत कराया जाएगा।
विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में MY Bharat Volunteers एवं स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष युवा संवाद सत्र भी आयोजित किया जाएगा। इसमें युवा खेलों के विकास, खेल अधोसंरचना, प्रतिभा संवर्धन तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएं साझा करेंगे।
प्रधानमंत्री जी के संबोधन के पश्चात लगभग 15 मिनट का ‘युवा संवाद’ आयोजित होगा, जिसमें प्रतिभागी भारतीय खेलों के भविष्य तथा विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत करेंगे।
कुलपति प्रो. डॉ. एल. पी. पटेरिया ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत करते हैं। वहीं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मनोज सिन्हा ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से विश्वविद्यालय के युवाओं को देश के खेल विकास और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त होगा। इस कार्यक्रम में माय भारत के बिलासपुर केसंयुक्त निदेशक श्री नीतिन शर्मा ने भी युवाओं से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने के लिए अपील किया है
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय से जुड़े युवा, रा.से.यो. स्वयंसेवक, MY Bharat Volunteers, खिलाड़ी एवं अन्य युवा प्रतिभागी उत्साहपूर्वक शामिल होंगे।
अभिषेक कुमार पाण्डेय रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़