बारीपदा, 28 अगस्त 2026: आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए ओडिशा के बारीपदा नगरपालिका क्षेत्र के बुद्धिखमारी में महिलाओं द्वारा साड़ी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। चार गृहिणियों के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस प्रदर्शनी का नाम ‘सखी कलेक्शन’ रखा गया है।
इस पहल का आयोजन देवदासी मंडल, श्वेता महांति, दिव्याभारती साहू और अनुपमा बेहरा ने मिलकर किया। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है।
नगरपाल ने किया प्रदर्शनी का उद्घाटन
प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि बारीपदा नगरपाल कृष्णानंद महांति ने किया। उन्होंने महिलाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं और यह अन्य महिलाओं को भी अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में वार्ड नंबर-1 की पार्षद सुकेशिनी सेठी और वार्ड नंबर-2 की पार्षद अनुपमा महांति सम्मानित अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। दोनों ने चारों गृहिणियों का उत्साह बढ़ाया और उनकी पहल की सराहना की।
त्योहारों के लिए साड़ियों की खास रेंज
‘सखी कलेक्शन’ प्रदर्शनी में अलग-अलग तरह की साड़ियों का प्रदर्शन और बिक्री की जा रही है। आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रदर्शनी में महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए विभिन्न डिजाइनों और वैरायटी की साड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रदर्शनी में स्थानीय महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। महिलाओं ने साड़ियों की विभिन्न वैरायटी को देखा और अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी भी की।
इस अवसर पर समाजसेवी अमर कुमार सेठी और सोमनाथ सिंह के अलावा जगद्धात्री मेला कमेटी के सपन पंडा, धीरेन्द्र नायक, अंबिका महांति, दिनेश साहू, नारायण मंडल, मानस महांति और सत्यजीत बेहरा सहित कई लोग उपस्थित रहे।
‘सखी कलेक्शन’ के जरिए चारों गृहिणियों ने न सिर्फ त्योहारों के लिए खरीदारी का एक विकल्प उपलब्ध कराया, बल्कि महिला आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार की दिशा में भी एक सकारात्मक संदेश दिया