बारीपदा: मानवता और समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए बारीपदा के प्रसिद्ध नियमित रक्तदाता डॉ. नीरोज कुमार पोथाल ने एक कैंसर मरीज के जीवन की रक्षा के उद्देश्य से प्लेटलेट्स दान किया। उन्होंने कटक स्थित श्रीरामचंद्र भंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एससीबी मेडिकल) में प्लेटलेट्स दान कर मरीज की मदद की।डॉ. निर्मला दास की प्रत्यक्ष देखरेख में सौभाग्य मंजरी द्विवेदी ने प्लेटलेट्स संग्रह की प्रक्रिया पूरी की। इस दौरान कटक के प्रमुख समाजसेवी ललित राय, देवी प्रसन्न जेना और रवींद्र दास सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. पोथाल का उत्साहवर्धन करने के साथ-साथ इस नेक कार्य में सहयोग भी किया।गौरतलब है कि डॉ. नीरोज कुमार पोथाल लंबे समय से निस्वार्थ भाव से रक्तदान के क्षेत्र में सेवा करते आ रहे हैं। बारीपदा से कटक और भुवनेश्वर तक जाकर वे डेंगू, कैंसर और बोन मैरो जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए नियमित रूप से प्लेटलेट्स और रक्तदान करते हैं।अब तक डॉ. पोथाल 27 बार प्लेटलेट्स दान कर चुके हैं, जबकि वे कुल 139 बार रक्तदान कर चुके हैं। रक्तदान के क्षेत्र में उनके निस्वार्थ योगदान के लिए राज्य की विभिन्न संस्थाओं की ओर से उन्हें कई बार पुरस्कृत एवं सम्मानित भी किया जा चुका है।डॉ. पोथाल का यह प्लेटलेट्स दान मानवता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की एक उत्कृष्ट मिसाल बनकर सामने आया है।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।