सोनभद्र।दुद्धी तहसील के ग्राम जामपानी में मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण को शासन से प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। परियोजना की कुल अनुमानित लागत 25.28 करोड़ है और निर्माण कार्य के लिए प्रथम किस्त के रुप में 8.84 करोड़ जारी कर दिए गए हैं।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के अनुसार विद्यालय का निर्माण कान्स्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज, उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक विद्यालय दुद्धी क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक आधारभूत सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करेगा।
गौड़ ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा। स्वीकृत धनराशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा और नियमित निगरानी रखी जाएगी।उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से स्थानीय शिक्षा बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और छात्रों के लिए पढ़ाई की बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि परियोजना में कक्षा कक्ष, विज्ञान एवं कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, खेल का मैदान और शौचालय व पीने के पानी की सुविधाएँ शामिल की जाएंगी।
निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों के बीच अनुबंध संबंधी औपचारिकताएँ पूरी की जा रही हैं।