दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के सलैयाडीह स्थित एनएच 39 पर कर्बला के पास मंगलवार रात करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अंधेरे के कारण आगे चल रहे एक ट्रैक्टर ट्राली में पीछे से दो मोटरसाइकिलें जा टकराईं। इस दुर्घटना में 23 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक सवार उसका साढू गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, घिवही निवासी कमलेश (23 वर्ष) पुत्र स्व. विश्वनाथ और उनके साढू रामशकल पनिका निवासी खम्हरिया बीजपुर अपनी-अपनी अलग-अलग मोटरसाइकिलों से विंढमगंज से अपने घर के लिए निकले थे। सलैयाडीह के पास एनएच 39 पर आगे एक ट्रैक्टर-ट्राली धीमी गति से चल रही थी। रात का अंधेरा होने के कारण दोनों बाइक सवार सड़क पर चल रहे ट्रैक्टर को समय पर देख न सके और पीछे से उसमें जा घुसे।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज ले जाया गया। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. सतेन्द्र प्रसाद ने इलाज शुरू किया, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण कमलेश को बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं घायल रामशकल का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों के अनुसार कमलेश की शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।