ट्रेन की चपेट में आने से बघमरा निवासी की मौत, मामले की जांच में जुटी पुलिस
बालोद, 02 सितंबर: बघमरा निवासी लीलाधर यादव (लगभग 45 वर्ष) की बुधवार को दुर्ग-दल्लीराजहरा पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 1:30 बजे रेलवे गार्डर के ऊपर की बताई जा रही है। मामले में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लीलाधर यादव प्रतिदिन की तरह घर से मवेशियों को चराने के लिए निकले थे। इसी दौरान वह दुर्ग से दल्लीराजहरा की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले उनकी पत्नी ने उन्हें रेलवे पटरी पर देखा था और उन्हें बचाने के प्रयास में आसपास मौजूद लोगों को आवाज लगाई, लेकिन तब तक ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और बालोद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद को घटना के संभावित कारणों में से एक बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। मामले की जांच जारी है।

