शराब की दुकान पर विवाद कर रहे दो आरोपी गिरफ्तार
बदायूं। थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने नवादा स्थित कंपोजिट शराब की दुकान के पास आपस में लड़ाई-झगड़ा कर शांति व्यवस्था भंग करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों तथा शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लकी पुत्र गोपाल सिंह निवासी ग्राम नागल सोती शहजादपुर, थाना नागल सोती, जनपद बिजनौर तथा कौशल पुत्र सुरेश पाल निवासी लऊआ, थाना उझानी, जनपद बदायूं के रूप में हुई है।
बताया गया कि दोनों आरोपी नवादा स्थित कंपोजिट शराब की दुकान के पास शराब की खरीद-बिक्री को लेकर आपस में विवाद और मारपीट कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे पुलिस की बात नहीं माने और दोबारा लड़ाई-झगड़े पर आमादा हो गए।
मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।
