लखनऊ। राजधानी लखनऊ के बीबीडी थाना क्षेत्र के जुग्गौर इलाके में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय मासूम की जान चली गई। बताया जा रहा है कि बच्चा अपने दोस्त के साथ घर के पास गया था, इसी दौरान पैर फिसलने से वह पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा।
बच्चे के गड्ढे में गिरने की जानकारी मिलते ही दोस्त ने परिजनों को सूचना दी। परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को बाहर निकाला। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश और नालियों का पानी गड्ढे में जमा था। घटना ने खुले और असुरक्षित गड्ढों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।