बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्डों को तत्काल पटवाकर मोटरेबल बनाने के निर्देश
बाराबंकी संवाददाता अमन वर्मा
कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने वर्तमान समय में हो रही बारिश के दृष्टिगत सड़कों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वर्षा एवं जलभराव के कारण सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। संबंधित विभाग सड़कों के गड्डों को तात्कालिक रूप से पटवाकर उन्हें मोटरेबल बनाना सुनिश्चित करें तथा बरसात समाप्त होने के उपरांत उनका विधिवत एवं गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य कराया जाए।
सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी ब्लैक स्पॉट्स एवं दुर्घटना बाहुल्य स्थलों पर आवश्यक सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने रम्बल स्ट्रिप,
चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग आदि कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने तथा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अवैध कटों एवं सड़क किनारे अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परिवहन एवं पुलिस विभाग को ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग एवं अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही एएनपीआर एवं स्पीड कैमरों जैसी इलेक्ट्रॉनिक प्रवर्तन प्रणाली का अधिकतम उपयोग
सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने एनएचएआई एवं 108 एम्बुलेंस सेवाओं के बेहतर समन्वय के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट / एसडीएम नवाबगंज सुश्री गुंजिता अग्रवाल, एआरटीओ तथा लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।